अब से कुछ ही घंटे बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के टेक्सास राज्य के ह्यूस्टन शहर में 50,000 भारतीय-अमेरिकियों को संबोधित करेंगे। इस बार उनके कार्यक्रम में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल होंगे। यह पहला मौका होगा, मोदी और ट्रंप मंच साझा करेंगे।
रविवार को भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे होने वाले इस कार्यक्रम से भारत-अमेरिका के रिश्तों में और मजबूती की उम्मीदें की जा रही हैं तो वहीं राजनीतिक लिहाज से भी इस कार्यक्रम को महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए ह्यूस्टन शहर में स्थित जिस NRG स्टेडियम को चुना गया है, वह प्रदर्शनी, संगीत कार्यक्रम और पेशेवर या शौकिया खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी कर चुका है। U2, बेयॉन्स, टेलर स्विफ्ट, गन्स एन 'रोजेज, और मेटालिका जैसे कई ब्लॉकबस्टर इवेंट्स भी यहां हुए।