यशस्विनी देसवाल ने रियो डी जेनेरियो में चल रहे आईएसएसएफ विश्व कप में शनिवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को नौवां ओलंपिक कोटा दिलाया। पूर्व जूनियर विश्व चैम्पियन 22 बरस की यशस्विनी ने आठ महिलाओं के फाइनल में 236.7 का स्कोर करके पीला तमगा जीता।
यशस्विनी की इस जीत के साथ भारत के अब तीन स्वर्ण पदक के साथ कुल पांच पदक हो गए हैं और वो अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गया है।
दुनिया की नंबर एक उक्रेन की ओलेना कोस्तेविच को रजत और सर्बिया की जेसमिना मिलावोनोविच को कांस्य पदक मिला। अन्नु राज सिंह और श्वेता सिंह फाइनल में जगह नहीं बना सके थे जबकि मनु भाकर ने न्यूनतम क्वालीफिकेशन स्कोर में 580 का स्कोर किया।