पहली बार प्रो कबड्डी लीग में शामिल हुई गुजरात फॉर्च्यून जाइंट्स ने अपने पहले मैच में आलराउंड खेल का नजारा पेश करते हुए मंगलवार को हैदराबाद में खेले गए मुकाबले में दबंग दिल्ली को मात दी। गुजरात की टीम ने दिल्ली को कोई मौका नहीं दिया और 26-20 से हराकरअपनी पहली जीत दर्ज की।
ईरानी डिफेंडर फैजल अतराचलि ने अच्छा खेल दिखाया। उन्होंने चार अंक बनाये। दबंग दिल्ली के कप्तान मेराज शेख के लिये यह अच्छा मैच नहीं रहा। वह एक भी अंक नहीं बना पाये। गुजरात की टीम ने पहले हाफ में पूरी तरह से दबदबा बनाये रखा। गुजरात ने हाफ टाइम से ठीक पहले दिल्ली को आल आउट किया और 14-5 की बढ़त बना ली। हाफ टाइम पर 15-5 के साथ गुजरात ने 10 अंक की बढ़त हासिल कर ली थी।
सेकेंड हाफ के शुरुआती 10 मिनट में भी गुजरात का दबदबा बना रहा। 11 वें मिनट में दिल्ली मैच में दूसरी बार ऑल आउट हुई। इसके साथ ही स्कोर 25-9 हो गया। लेकिन इसके बाद आखिरी 9 मिनट में दिल्ली ने वापसी की कोशिश की लेकिन गुजरात का दबदबा कायम रहा। अच्छी कोशिश के कारण दिल्ली हार का अंतर कम करने में ही सफल हो सकी।
दोनों टीमों के स्कोर की तुलना करें तो गुजरात ने रेड, टैकल, ऑल आउट और अतिरिक्त अंक के रूप में 10, 9, 4 और 3 अंक अर्जित किए। वहीं दिल्ली ने 11, 5, 2 और 2 अंक हासिल कर सकी। हार-जीत का अंतर मुख्य रुप से टैकल प्वाइंट में ही रहा।