फ्रांस की राजधानी पेरिस और अमेरिकी शहर लॉस एंजिलिस क्रमशः 2024 और 2028 ओलंपिक की मेजबानी करेंगे। पेरू में सितंबर में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक संघ (आईओसी) की बैठक में इस पर मुहर लग जाएगी।
बता दें कि 2020 ओलंपिक खेलों का आयोजन टोक्यो (जापान) में होगा। पेरिस और लॉस एंजिल्स दोनों ही पहले 2024 ओलंपिक की मेजबानी के लिए रेस में शामिल थे, क्योंकि अन्य देशों ने ओलंपिक मेजबानी से अपने नाम वापस ले लिए थे। आईओसी ने पुष्टि की है कि अमेरिका ने 2028 ओलंपिक की मेजबानी के लिए आधिकारिक रूप से अपनी सहमति जताई है, ऐसे में यह लगभग सुनिश्चित हो चुका है कि 2024 ओलंपिक खेल पेरिस में आयोजित होंगे।
आईओसी के अध्यक्ष थॉमस बाख ने कहा, 'आईओसी लॉस एंजिल्स ओलंपिक और पैरालंपिक कैंडिडेचर कमेटी के निर्णय का स्वागत करती है।' याद रहे कि लॉस एंजिल्स, पेरिस और लंदन दुनिया के तीन ऐसे शहर बन जाएंगे, जिन्होंने तीन-तीन बार ओलंपिक की मेजबानी की है। अमेरिका ने आखिरी बार 1996 में एटलांटा में ओलंपिक खेलों की मेजबानी की थी, जबकि पहली बार 1904 में सेंट लुइस में मेजबानी की थी। लॉस एंजिल्स ने इससे पहले 1932 और 1984 ओलंपिक खेलों का आयोजन किया था।
पेरिस ने 1900 और 1924 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की थी। लॉस एंजिल्स के मेयर एरिक गार्सेती ने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ओलंपिक खेलों की अमेरिका में वापसी होने जा रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपनी ओलंपिक समिति को आधिकारिक रूप से बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि मुझे इस बात का भरोसा है कि लॉस एंजिल्स में ये खेल ओलंपिक और अमेरिकी लोगों की भावनाओं को प्रदर्शित करेंगे और हम इन खेलों की मेजबानी करने को लेकर उत्साहित हैं। अमेरिका ने अभी तक पांच बार ग्रीष्मकालीन और चार बार शीतकालीन खेलों यानि कुल नौ बार ओलंपिक खेलों का आयोजन किया है। वहीं, फ्रांस में छह बार ओलंपिक खेलों की मेजबानी की जा चुकी है।