गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ खेलों में भारत की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन की सहमति से आयोजकों ने भारत का अगले वर्ष होने वाले इन खेलों में साल 2014 के ग्लासगो कॉमनवेल्थ खेलों के मुकाबले कोटा घटा दिया है।
खासतौर पर कोटा शूटिंग, कुश्ती, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, पैरा स्पोर्ट्स जैसे उन खेलों में घटाया गया है, जिनमें भारत स्वर्ण पदक का दावेदार है। इन खेलों के खेल संघों ने खेल मंत्रालय, इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के आवाज उठाई है कि उनका कोटा बढ़वाया जाए।
नतीजन खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने सीजीएफ अध्यक्ष लुइस मार्टिन को पत्र लिख भारत का कोटा बढ़ाने को कहा है। हालांकि आईओए से सीजीएफ ने साफ कर दिया है कि कोटा नहीं बढ़ाया जा सकता है। इसके बाद खेल मंत्री ने इस मुद्दे पर खुद मोर्चा संभाला है।
स्थिति की गंभीरता देख मंत्रालय ने कोटा घटाने वाले खेल संघों से अपने अंतरराष्ट्रीय संघों के जरिए आयोजकों, सीजीएफ पर दबाव बनाने को कहा है। खेल संघों का कहना है कि अगर कोटा नहीं बढ़ा तो गोल्ड कोस्ट में भारत पदक तालिका में ग्लासगो में पांचवें स्थान के मुकाबले और नीचे जा सकता है।