टोक्यो रवाना होने से पहले अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की शरणार्थी टीम में एक अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमित अधिकारी को पृथकवास में रखा गया है और उन्हें कोई लक्षण नहीं हैं। इसके कारण उनकी यात्रा में देरी हो रही है। टीम में हालांकि अन्य सदस्यों की जांच निगेटिव आई है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के बयान के अनुसार, 'आईओसी शरणार्थी ओलंपिक टीम कतर के दोहा में स्वागत कार्यक्रम (वेल्कम एक्सपीरिएंस) के लिए साथ में आई थी। 29 में से 26 खिलाड़ियों और 11 अधिकारियों ने इसमें हिस्सा लिया था।'
इसके अनुसार, 'टोक्यो के लिए रवाना होने से पहले कोरोना आरटी-पीसीआर जांच किए जाने के बाद एक अधिकारी पॉजिटिव पाया गया। फिर एक और जांच में नतीजे की पुष्टि हुई जबकि टीम के अन्य सभी सदस्यों (खिलाड़ियों और अधिकारियों) टेस्ट में निगेटिव आए हैं।' आईओसी ने कहा, 'इसके चलते फैसला किया गया कि टीम अभी टोक्यो रवाना नहीं होगी और दोहा में अपनी ट्रेनिंग करती रहेगी और रोज उनकी जांच होती रहेगी।' तीन एथलीट दोहा में 'वेल्कम एक्सपीरिएंस' में हिस्सा नहीं ले पाए थे और इनमें से दो - अहमद अलीकाज (जूडो) और अब्दुल्लाह सेदिकी (ताइक्वांडो) बुधवार को टोक्यो पहुंचेंगे।