भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने फिनलैंड में हुए सावो गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया है। नीरज ने चीनी ताइपे के चाओ सुन चेंग को हराकर गोल्ड पर कब्जा किया। दोनों खिलाड़ी यहां एशियाई खेलों की तैयारियों में जुटे हैं।
कॉमनवेल्थ गेम्स में दो गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा फिनलैंड के लापिनलाहटी में 85.69 मीटर दूर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल किया है। चोपड़ा के बाद चेंग ने 82.52 मीटर का थ्रो फेंका और दूसरे स्थान पर कब्जा किया। 23 साल के चेंग एकमात्र एशियाई हैं जिन्होंने 90 मीटर से दूर तक भाला फेंका है। उन्होंने पिछले साल ताइपे में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी खेलों में 91.36 मीटर दूर भाला फेंका था।
नीरज चोपड़ा की इस स्वर्णिम उपलब्धि के बाद टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने एक मजाकिया ट्वीट के जरिए उन्हें बधाई दी। इस ट्वीट में सहवाग ने लिखा, 'फिनलैंड के सावो गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा को बहुत-बहुत बधाई। आशा ही कि आप ऐसे ही फेंकते रहे और जल्दी ही 90 तक पहुंचे।'
सहवाग ने ट्वीट में आगे लिखा, 'मुझे उम्मीद की है कि आप एशियन गेम्स और टोक्यो 2020 में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से देश का नाम गर्व से ऊंचा करेंगे।' गौरलतब है कि नीरज चोपड़ा ने इस साल ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट हुए कॉमनवेल्थ में भी गोल्ड मेडल पर कब्जा किया था।