मोटोजीपी के शीर्ष ड्राइवरों में शामिल और छह बार के मौजूदा चैंपियन मार्क मारक्वेज स्पेनिश ग्रां प्री के दौरान चोटिल हो गए। उनके दाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया। उनकी टीम होंडा ने कहा कि मारक्वेज के दाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया है और उनका मंगलवार को बार्सिलोना में ऑपरेशन किया जा सकता है।
टीम ने कहा कि 27 वर्षीय मारक्वेज कब तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे, इसके बारे में स्पष्ट कुछ नहीं कहा जा सकता। रविवार की रेस फ्रांस के फैबियो क्वारटारारो ने जीती। अगली मोटोजीपी रेस इस सप्ताहांत फिर से जेरेज डि ला फ्रंटेरा में ही होगी। रेस का आयोजन दर्शकों के बिना और स्वास्थ्य संबंधी कड़े दिशानिर्देशों का पालन करते हुए किया जा रहा है।
मारक्वेज ने 2013 के बाद से केवल एक खिताब गंवाया है और उन्होंने 56 जीत और 95 पोडियम हासिल किया है। 2019 में प्रीमियर क्लास के इतिहास में उन्होंने सबसे ज्यादा स्कोर किया था।