अंकित नरवाल, वंशज और प्रीति दहिया के शानदार प्रदर्शन के दम पर हरियाणा ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लड़कों के अंडर 17 और लड़कियों के अंडर 17 वर्ग में मुक्केबाजी में आठ स्वर्ण, आठ रजत और 15 कांस्य पदक जीते। मेजबान महाराष्ट्र ने पांच स्वर्ण जीते जबकि मणिपुर को दो पीले तमगे मिले। मध्यप्रदेश , चंडीगढ, पंजाब, कर्नाटक और राजस्थान को भी एक एक स्वर्ण पदक मिला ।
हरियाणा ने ओडिशा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया
हरियाणा ने खेलों इंडिया यूथ गेम्स की बालिका अंडर-21 हाकी स्पर्धा के मुकाबले में ओडिशा को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया जहां उसका सामना रविवार को झारखंड से होगा। पहले सेमीफाइनल में झारखंड ने पंजाब को 3-0 से मात दी। अंडर-17 बालिका वर्ग में भी रविवार को स्वर्ण पदक के लिये मुकाबला हरियाणा और झारखंड के बीच होगा।
देव, महक ने एकल खिताब जीते
गुजरात के देव जाविया ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में लड़कों की अंडर-17 एकल स्पर्धा के फाइनल में महाराष्ट्र के आर्यन भाटिया को 7-5 6-3 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार मध्य प्रदेश की शीर्ष वरीय महक जैन ने अंडर-21 लड़कियों के एकल फाइनल में महाराष्ट्र की मिहिका यादव को 6-4 6-1 से शिकस्त दी। हालांकि मेजबान महाराष्ट्र ने दोनों वर्गों के युगल मुकाबलों का स्वर्ण पदक हासिल किया।
करीर ने दर्द से जूझते हुए कंपाउंड तीरंदाजी में अंतिम चार में जगह बनाई
एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता मध्यप्रदेश की मुस्कान करीर ने कंधे के दर्द से जूझते हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स की अंडर 21 कंपाउंड तीरंदाजी स्पर्धा के रैंकिंग दौर में 675 का स्कोर करके शीर्ष चार में जगह बनाई।
वह 72 तीरों के बाद चौथे स्थान पर रही। झारखंड की अनिता कुमारी अंडर 21 वर्ग में शीर्ष पर रही जिसने 694 का स्कोर किया। लड़कों के अंडर 21 वर्ग में पंजाब के संगमप्रीत सिंह बिस्ला ने 695 स्कोर किया जबकि मध्यप्रदेश के सौरभ पांडे उनसे दो अंक पीछे दूसरे स्थान पर रहे।
इनपुट-भाषा