एंथोनी अमलराज ने शुक्रवार को दक्षिण एशियाई खेलों में हमवतन हरमीत देसाई को हराकर पुरूष एकल खिताब और सुर्तिथा मुखर्जी ने अहयिका मुखर्जी को हराकर महिला एकल ट्रॉफी अपने नाम की। जिससे भारत ने टेबल टेनिस स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक में क्लीन स्वीप किया।
सात स्वर्ण और पांच रजत पदक समेत भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने स्पर्धा में सबसे ज्यादा पदक हासिल कर किए। अमलराज के लिए शुरुआत काफी मुश्किल थी जो फाइनल में 0-3 से पिछड़ रहे थे, लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए हरमीत को 6-11, 9-11, 10-12, 11-7, 11-4, 11-9, 11-7 से मात दी।
सुर्तिथा के लिए भी आसान मुकाबला नहीं रहा जिन्होंने अहयिका के खिलाफ खराब शुरूआत से उबरते हुए अंतिम गेम अपने नाम कर जीत हासिल की। वह 8-11, 11-8, 6-21, 11-4, 13-11, 11-8 से जीती। इससे पहले सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय हरमीत ने नेपाल के पुरूषोत्तम बी को जबकि अमलराज ने नेपाल के संतू श्रेष्ठ को मात दी। महिलाओं के सेमीफाइनल में सुर्तिथा और अहयिका ने श्रीलंकाई प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया।