रियो ओलंपिक के दौरान भारतीय खिलाड़ियों का हौंसला बनाए रखने के लिए उन पर अब तक होती आ रही माया की बरसात वहां भी जारी रहेगी। खेल मंत्रालय और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन मिलकर रियो जाने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को सात हजार रुपये प्रति दिन का खर्च देंगे।
यह राशि उनके बैंक खातों में सीधे तौर पर डाली जाएगी। इस राशि को खिलाड़ियों का जेब खर्च माना जाएगा। सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं उनके साथ जुड़े सपोर्ट स्टाफ, टीम ऑफिशियल्स को 50 अमेरिकी डॉलर प्रति दिन का जेब खर्च दिया जाएगा।
अभी तक मंत्रालय की ओर से रियो जाने वाले खिलाड़ियों को एक लाख रुपये महीने का जेब खर्च दिया जाता है। इसका मंत्रालय कोई हिसाब-किताब नहीं लेता है। सूत्र बताते हैं कि रियो में भी खिलाड़ियों पर यह कृपा बनाए रखने के लिए मंत्रालय ने अपनी ओर से सौ अमेरिकी डॉलर प्रतिदिन का जेब खर्च देने की योजना बना ली थी।
लेकिन मंत्रालय को पता लगा कि इस बार आईओए भी खिलाड़ियों को 50 डॉलर प्रति दिन का खर्च दे रहा है। इसके बाद मंत्रालय ने फैसला लिया कि आईओए और वह मिलकर खिलाड़ियों को सौ डॉलर प्रति दिन का खर्च देंगे। यह जेब खर्च लंदन ओलंपिक से दोगुना होगा।
लंदन में खिलाड़ियों को 50 डॉलर प्रतिदिन का खर्च दिया गया था। इसी तरह सपोर्ट स्टाफ, कोच और टीम ऑफिशियल्स को मंत्रालय और आईओए मिलकर 25-25 डॉलर प्रतिदिन देंगे। खास बात यह है कि यह जेब खर्च खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ गेम्स विलेज से बाहर रहने की स्थिति में भी मिलेगा।