गुजरात फॉर्च्यून जायंट्स ने गुरुवार को प्रो कबड्डी 2018 के 76वें मुकाबले में हरियाणा स्टीलर्स को बुरी तरह से हरा दिया। अहमदाबाद के ट्रांसस्टेडिया एरीना में खेले गए इस मुकाबले में फॉर्च्यून जायंट्स ने हरियाणा को 40-31 से करारी शिकस्त दी।
इस जीत के साथ ही गुजरात ग्रुप 'ए' में 58 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। वहीं, हरियाणा 26 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर मैजूद हैं। बता दें कि गुजरात को 14 मैचों में से 10 में जीत, जबकि 2 में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, हरियाणा ने 14 में से सिर्फ 4 मैच ही जीत पाए हैं, जबकि 9 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
इस मुकाबले में गुजरात फॉर्च्यून जायंट्स की तरफ से सचिन ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 19 रेड में 10 प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि प्रवेश 6 टैकल में 6 अंकों के साथ टॉप डिफेंडर रहे। वहीं, हरियाणा स्टीलर्स की तरफ से मोनू गोयत ने 16 रेड में 10 प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि सचिन ने 8 टैकल में 4 प्वाइंट्स हासिल किए।
बता दें कि इस मुकाबले में गुजरात फॉर्च्यून जायंट्स को 20 रेड प्वाइंट्स, 15 टैकल प्वाइंट्स, 4 ऑलआउट प्वाइंट्स और 1 एक्सट्रा प्वाइंट्स मिले। वहीं, हरियाणा को 20 रेड प्वाइंट्स, 7 टैकल प्वाइंट्स, 0 ऑलआउट प्वाइंट्स और 4 एक्स्ट्रा प्वाइंट्स मिले।