गोल करने के बाद लिवरपूल के खिलाड़ी
- फोटो : ट्विटर
स्टार खिलाड़ियों के बिना खेल रही लिवरपूल की टीम ने बुधवार को क्वार्टर फाइनल के दूसरे चरण के मैच में बेनफिका से 3-3 से ड्रॉ खेलने के बाद 6-4 के कुल स्कोर से चैंपियंस लीग के अंतिम चार में जगह बना ली। लिवरपूल ने पहले चरण का मैच 3-1 से जीता था। सेमीफाइनल में लिवरपूल का मुकाबला विलारियाल से होगा।
क्लब के मैनेजर जर्गेन क्लोप ने इस मैच में मोहम्मद सलाह, सादियो माने, वर्जिल वान जिक और ट्रेंट एलेक्जेंडर को आराम दिया था। पहले चरण के टॉप स्कोरर रहे इब्राहिम कोनाटे ने मैच के 21वें मिनट में लिवरपूल के लिए पहला गोल कर बढ़त दिलाई। हालांकि 32वें मिनट में बेनफिका के गोंकालो रामोस ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबरी पर ला दिया।
दूसरे हाफ में रोबर्टो फिरमिनो ने 55वें और 65वें मिनट में दो गोलकर टीम की बढ़त 3-1 कर दी। हालांकि, बेनफिका के लिए स्थानापन्न रोमान यारेमचुक और डॉर्विन नेज ने 73वें और 82वें मिनट में गोल कर 3-3 से बराबर कर दिया। पहले चरण के कुल स्कोर के बाद लिवरपूल 6-4 से अंतिम चार में प्रवेश कर गया। सातवीं बार टूर्नामेंट जीतने और इस सत्र में चार ट्राफियां हासिल करने की ओर लिवरपूल ने कदम बढ़ा दिया।