बजरंग पूनिया टोक्यो ओलंपिक में भारत की सबसे बड़ी उम्मीद है। 65 किग्रा भारवर्ग में अपना दमखम दिखाने वाले इस पहलवान की माने तो वह और उनके सभी साथी अच्छी लय में हैं। भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी मुदित दानी के साथ ऑनलाइन लाइव चैट शो के दौरान पूनिया ने कहा, 'मुझे लगता है कि टोक्यो ओलंपिक में कुश्ती में हम तीन से चार पदक जीत सकते हैं। वर्ल्ड चैंपियनशिप, ओलंपिक से भी ज्यादा मुश्किल थी, लेकिन हमने वहां शानदार प्रदर्शन किया था इसलिए मुझे लगता है कि भारतीय पहलवान टॉप फॉर्म में हैं, जोकि उन्हें टोक्यो में पदक का दावेदार बनाता है।'
इस साल आयोजित होने वाले टोक्यो ओलंपिक को कोरोना वायरस महामारी के चलते एक साल के लिए टाल दिया गया। 26 वर्षीय बजरंग के अलावा दीपक पूनिया (रजत, 86 किग्रा), विनेश फोगाट (कांस्य, 53 किग्रा) और रवि कुमार दहिया (कांस्य, 57 किग्रा) ने भी कजाकिस्तान में 2019 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दमदार खेल दिखाकर टोक्यो के लिए क्वालीफाई किया था।