दो बार के ओलंपिक पदकधारी सुशील कुमार विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय पहलवान हैं जिन्होंने 2010 में पहला स्थान हासिल किया था। विश्व संचालन संस्था यूनाईटेड विश्व कुश्ती ने सभी पहलवानों के लिये नूर-सुल्तान में ट्रेनिंग शिविर आयोजित किया है ताकि वे परिस्थितियों से सामंजस्य बिठा सकें।
बजरंग ने कहा, 'इस तरह के बड़े टूर्नामेंट से पहले यह विश्व संस्था की बहुत अच्छी शुरूआत है। सभी पहलवान इस बार विश्व चैम्पियनशिप में ओलंपिक स्थान पर निगाह लगाये होंगे और हालात के अनुकूल होने से उन्हें इस चुनौती में काफी मदद मिलेगी।'
महाराष्ट्र के पहलवान राहुल अवारे को 61 किग्रा में दूसरी वरीयता दी गई है जबकि मौजूदा जूनियर विश्व चैम्पियन दीपक पूनिया को 86 किग्रा में चौथी वरीयता मिली है।
जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में भारत के 18 साल के सूखे को समाप्त करने वाले दीपक ने कहा, 'मेरी ट्रेनिंग बहुत अच्छी रही और मैं विश्व चैम्पियनशिप में पदार्पण करने के लिए उत्साहित हूं। पिछले महीने विश्व जूनियर चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद मेरे आत्मविश्वास में काफी बढ़ोतरी हुई और मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिये बेताब हूं।'
महिलाओं में भारत की सीमा बिस्ला को 50 किग्रा वर्ग में दूसरी वरीयता दी गई है। यासर दोगू रैंकिंग सीरीज में स्वर्ण पदक से वह विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंचने में सफल रही।