ऑस्ट्रेलियन ओपन में इस बार सर्बिया के नोवाक जोकोविच का जादू देखने को नहीं मिलेगा। कोरोना वैक्सीन को लेकर विवाद के बाद जोकोविच का वीजा रद्द कर दिया गया था। इसके खिलाफ उन्होंने कोर्ट में अपील की थी, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली। कोर्ट ने अपील को खारिज कर दिया। इस तरह अब टेनिस के 'बिग थ्री' रोजर फेडरर, नोवाक जोकोविच और राफेल नडाल में से दो खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन में इस बार नहीं खेलेंगे। जोकोविच और फेडरर के नहीं होने से 'बिग थ्री' के वर्चस्व को बरकरार रखने की जिम्मेदारी राफेल नडाल के ऊपर है।
ऑस्ट्रेलियन ओपन में 'बिग थ्री' की बादशाहत की शुरुआत स्विट्जरलैंड के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने की थी। वे पहली बार 2004 में यहां चैंपियन बने थे। उन्होंने फाइनल मुकाबले में रूस के मराट साफिन को हराया था। 2004 में चैंपियन बनने के बाद फेडरर ने 2006, 2007, 2010, 2017 और 2018 में इस खिताब को अपने नाम किया था।
जोकोविच के नाम सबसे ज्यादा ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब
'बिग थ्री' ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी नोवाक जोकोविच थे। उन्होंने 2008 में फ्रांस के जो-वेलफ्रेड सोंगा को फाइनल में हराया था। जोकोविच ने उसके बाद 2011, 2012, 2013, 2015, 2016, 2019, 2020 और 2021 में ट्रॉफी अपने नाम किया था। वे इस बार अपने खिताब को डिफेंड नहीं कर पाएंगे। जोकोविच सबसे ज्यादा बार नौ बार ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने वाले खिलाड़ी हैं।
2009 के बाद से नहीं जीते नडाल
अब इस लिस्ट के तीसरे खिलाड़ी राफेल नडाल को देखें तो वे पहली बार 2009 में यहां चैंपियन बने थे। नडाल ने फाइनल में फेडरर को हराया था। पहली बार खिताब जीतने के बाद नडाल को दूसरी बार चैंपियन बनने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। वे खिताब के इस सूखे को समाप्त कर 'बिग थ्री' के वर्चस्व को कायम रखना चाहेंगे।
क्या इतिहास रच पाएंगे नडाल?
फेडरर के नाम 20 ग्रैंड स्लैम हैं। उनके साथ पहले पायदान पर जोकोविच और नडाल भी हैं। दोनों ने 20-20 ग्रैंड स्लैम जीते हैं। जोकोविच को अब फ्रेंच ओपन तक फेडरर को पीछे करने के लिए इंतजार करना होगा।
इस बार कौन है चैंपियन बनने का दावेदार?
जोकोविच के नहीं होने पर पुरुष एकल का खिताब जीतने के सबसे बड़े दावेदारों की बात करें तो रूस के दानिल मेदवेदेव पहले पायदान पर हैं। वे दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी हैं। पिछले साल यूएस ओपन का खिताब उन्होंने जीता था। नंबर तीन जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव, नंबर चार ग्रीस के स्टेफानोस सितिसिपास, नंबर पांच रूस के आंद्रे रूबलेव और नंबर छह नडाल इस खिताब को जीतने की रेस में सबसे आगे हैं।