कोरोन वायरस के कारण टोक्यो ओलंपिक के आयोजन को लेकर बहस जारी है। अमेरिका समेत कई देशों ने इसे स्थगित करने की मांग की है, लेकिन आईओसी अभी तक इस पर अपना रुख साफ नहीं कर पाया है। ऑस्ट्रेलियाई ओलंपिक अधिकारियों ने कहा है कि अब यह साफ है कि टोक्यो ओलंपिक गेम्स अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार आगे नहीं बढ़ पाएगा। इसलिए हमने अपने सभी एथलीट को कह दिया है कि वो अब 2021 ओलंपिक गेम्स की तैयारी करें।
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के कारण देश और विदेश में बदलती परिस्थितियों में ऑस्ट्रेलियाई टीम इकट्ठी नहीं हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने कहा कि खेलों को स्थगित करने हैं या नहीं इस बारे में फैसला करने के लिए चार सप्ताह की जरूरत है।
ओलंपिक समिति पर बढ़ता दबाव
अमेरिका के प्रभावशाली ट्रैक एवं फील्ड महासंघ ने भी ओलंपिक खेलों को स्थगित करने का आग्रह किया है। जिससे अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) पर टोक्यो 2020 को टालने का दबाव बढ़ गया है। अमेरिका का ट्रैक एवं फील्ड महासंघ (यूएसएटीएफ) उन प्रभावशाली खेल महासंघों में शामिल हो गया है जिसने खेलों को स्थगित करने के लिए कहा है।
महासंघ के अध्यक्ष मैक्स सीगल ने अपने पत्र में ‘सम्मानपूर्वक आग्रह’ किया है कि अमेरिकी ओलंपिक और परालंपिक समिति (यूएसओपीसी) को टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों को स्थगित करने की वकालत करनी चाहिए। यूएसओपीसी ने कहा था कि 24 जुलाई से नौ अगस्त के बीच होने वाले खेलों को स्थगित करने का फैसला अभी जल्दबाजी होगा।
आईओसी के प्रमुख थामस बाक भी पहले इसी तरह का बयान दे चुके हैं। सीगल ने अपने पत्र में लिखा कि हर किसी के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देना सही और जिम्मेदारी भरा कदम होगा। इस मुश्किल परिस्थिति से पड़ने वाले प्रभाव को पहचानना जो हमारे खिलाड़ियों और ओलंपिक की उनकी तैयारियों पर पड़ रहा है।