भारत में पहली बार इंडियन ओपन स्नूकर वर्ल्ड रैंकिंग टूर्नामेंट का आयोजन 14 से 18 अक्तूबर तक एक पांच सितारा होटल में किया जाएगा जिसकी मेजबानी राजधानी नई दिल्ली करेगी।
पांच दिनी इस टूर्नामेंट में आठ बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी और 2012 में एशियाई स्नूकर चैंपियन आदित्य मेहता जैसे भारतीय सितारे भाग लेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष पेशेवर खिलाड़ियों में स्टीव डेविस, रोनी ओ'सुलिवन और जड ट्रम्प भी ओपन में हिस्सा ले सकते हैं।
भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (बीएसएफआई) तीन लाख पौंड (लगभग दो करोड़ 70 लाख रुपये) की इस पुरस्कार राशि वाले टूर्नामेंट का आयोजन कर रहा है।
टूर्नामेंट में दुनिया के शीर्ष 128 स्नूकर खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस टूर्नामेंट का क्वालीफायर इंग्लैंड में 128 खिलाड़ियों के साथ खेला जाएगा, जिसमें से 64 खिलाड़ी फिर मुख्य टूर्नामेंट के लिए भारत की उड़ान पकड़ेंगे।
भारत छह वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी उतारेगा, जिससे टूर्नामेंट में कुल 70 खिलाड़ी जो जाएंगे जो चार टेबल पर खेलेंगे।