मणिपुर की मीरा बाई चानू ने जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए तीन कांस्य पदक जीत लिए हैं। चैंपियनशिप के पहले दिन लीमा (पेरू) में उन्होंने 48 किग्रा भार वर्ग में कुल 165 किलो वजन उठाकर यह कारनामा दिखाया है।
हालांकि वह अपने सर्वश्रेष्ठ 168 किलो से तीन किलो पीछे रह गईं। बावजूद इसके वह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में तीन पदक जीतने में सफल रहीं। उन्होंने स्नैच में 72 किलो व क्लीन एंड जर्क में 93 किलो वजन उठाया और दोनों में कांस्य पदक जीता।
इससे पहले मीरा बाई जूनियर एशियाई चैंपियनशिप में रजत जीतने में सफल रही हैं। चीन की चुनयिंग गुआन ने 182 किलो (100+82) वजन उठाकर स्वर्ण जीता। तीनों स्वर्ण इसी चीनी खिलाड़ी को मिला।
वहीं पुरुषों के 56 किलो में भारत के अपूर्व छेतिया कांस्य पदक जीतने से चूक गए। वह कुल 229 किलो (102+127) वजन उठाकर चौथे स्थान पर रहे।