पिछले दिनों एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए सात बार के विश्व चैंपियन माइकल शूमाकर के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है और वह कोमा से बाहर आ गए हैं।
फ्रांस की मीडिया ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि शूमाकर पहले से काफी बेहतर हैं। शूमाकर की मैनेजर ने कुछ दिनों पहले प्रशंसकों से एफ वन ड्राइवर के स्वास्थ्य को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर गौर नहीं करने की सलाह दी थी।
हालांकि उन्होंने शूमाकर के कोमा से बाहर आने की खबर से इंकार नहीं किया है। शूमाकर को 29 दिसंबर को स्की के दौरान सिर में गंभीर चोट लग गई थी और वह तभी से कोमा में हैं।
एक स्थानीय अखबार ने बताया, ‘शूमाकर ग्रेनोबल स्थित अस्पताल के सीएचयू में इस सप्ताह से शुरू हुए उपचार पर काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वह अब पहले से काफी बेहतर हैं।’
हालांकि शूमाकर की मैनेजर सबाइन खेम ने एक बयान जारी कर कहा, "मैं शूमाकर के प्रशंसकों से अपील करती हूं कि वे उनके स्वास्थ्य से जुड़ी हुई आधिकारिक जानकारी के अलावा किसी अन्य खबर पर कोई ध्यान न दें। यदि कोई जानकारी उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों या मैनेजमेंट की ओर से नहीं आ रही है तो वह कोई अफवाह हो सकती है।"
हो चुके हैं कई ऑपरेशन
उन्होंने कहा, "माइकल की तबीयत अब स्थिर है। मैं इस बात से भी खुश हूं कि माइकल का परिवार उनके उपचार में लगे डॉक्टरों की टीम से बहुत खुश है और उन्हें विश्वास है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे।"
महान रेसर शूमाकर मेरिबल स्की रिसोर्ट में चट्टान से सिर टकराने से घायल हो गए थे और पिछले एक महीने से डॉक्टरों की गहन जांच में अस्पताल में हैं। इसके बाद से शूमाकर के कई ऑपरेशन भी हो चुके हैं। हालांकि 17 जनवरी के बाद से उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई जानकारी नहीं है।
इस बीच चार बार के एफ वन चैंपियन सेबेस्टियन वेटल ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही कोई चमत्कार हो और शूमाकर पहले की ही तरह पूरी तरह ठीक हो जाएं। वेटल ने कहा, "मुझे नहीं पता कि शूमाकर की इस समय क्या स्थिति है और वह कब कोमा से जागेंगे। यह उनके और परिवार के लिए बहुत खराब स्थिति है।"