नागालैंड बेबी लीग की पीएम मोदी ने क्यों की सराहना?
प्रधानमंत्री ने नागालैंड में बच्चों को फुटबॉल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाली 'नागालैंड बेबी लीग' की तारीफ की। उन्होंने कहा कि 'नागालैंड बेबी लीग' नाम सुनकर आपको लग सकता है कि यह बहुत छोटे बच्चों की कोई साधारण लीग होगी, लेकिन ऐसा नहीं है। यह 5 से 10-12 साल तक के बच्चों की एक असाधारण फुटबॉल लीग है, जो उनकी प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देती है और उनकी पहचान भी बनाती है।
इस लीग का उद्देश्य क्या है?
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस लीग की शुरुआत नागालैंड के अधिक से अधिक बच्चों को फुटबॉल से जोड़ने के उद्देश्य से की गई थी। इसमें 5 से 12 वर्ष तक के लड़के और लड़कियां हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि लीग ने अपने तीन वर्ष पूरे कर लिए हैं और इसका बच्चों के मन पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है।
नागालैंड विमेंस फुटसल लीग को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री ने 'नागालैंड विमेंस फुटसल लीग' का जिक्र करते हुए कहा कि कई लोगों के लिए फुटसल नया नाम हो सकता है। उन्होंने बताया कि फुटसल को इंडोर फुटबॉल भी कहा जाता है। इसमें एक टीम में केवल पांच खिलाड़ी होते हैं और इसका मैदान पारंपरिक फुटबॉल मैदान से छोटा होता है। इसी वजह से खिलाड़ियों को तेजी से फैसले लेने पड़ते हैं और अपनी तकनीक व कौशल का बेहतर उपयोग करना होता है। उन्होंने कहा कि "नागालैंड की विमेंस फुटसल लीग हमारी बेटियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर दे रही है।"