कप्तान रूबिया सैयद के नाबाद शतक (102) और सरला देवी (44) की पारी के दम पर जम्मू-कश्मीर महिला टीम ने सीनियर वुमेन वन डे ट्रॉफी में सिक्किम को 6 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ टीम ने लगातार दूसरी जीत हासिल कर ली है। जम्मू-कश्मीर टीम प्लेट ग्रुप में आठ अंक के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर है।
बेगलुरू में खेले जा रहे मैच में टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करते हुए जेएंडके की टीम ने सिक्किम की टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। निर्धारित 50 ओवर में सिक्किम नौ विकेट पर 188 रन ही बना सकी। गेंदबाजी में बिस्मा हसन ने तीन, सरला ने दो, अनन्या, रूबिया और संध्या ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेएंडके की शुरुआत काफी खराब रही, पांच रन बनाने के बाद ही सलामी जोड़ी पैवेलियन लौट चुकी थी। पिछले मैच में अर्धशतक जड़ने वाली रुद्राक्षी बिना खाता खोले आउट हो गई। इसके बाद कप्तान रूबिया और सरला के बीच 104 रन की साझेदारी हुई।
इस बीच रूबिया ने 98 गेंदों में दस चौके और तीन छक्कों की मदद से (102) रन की नाबाद पारी खेली और टीम को 12 ओवर शेष रहते हुए जीत दिला दी। टीम की जीत में कप्तान रूबिया के साथ सरला ने गेंद और बल्ले से प्रदर्शन किया। टीम का अगला मुकाबला मिजोरम के साथ रविवार को होगा।