ग्रीनपार्क में खेला गया रणजी ट्रॉफी मैच
रणजी ट्रॉफी मैच में बुधवार को कानपुर के ग्रीनपार्क में बल्लेबाज उपेंद्र यादव व रिंकू सिंह के शतक से यूपी ने असम को 444 रनों की लीड दी है। यूपी की टीम 619 रनों पर ऑल आउट हो गई। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक असम ने दूसरी पारी में बिना विकेट खोए 102 रन बना लिए थे। पहली पारी में असम ने 175 रन का स्कोर खड़ा किया था। आज मैच का आखिरी दिन है।
मंगलवार को मैच खत्म होने तक यूपी ने 5 विकेट के नुकसान में 377 रन बनाए थे। बुधवार को मैदान में रिंकू सिंह व उपेंद्र यादव फिर उतरे और यूपी के खाते में रन जोड़ने शुरू कर दिए, तभी 140वें ओवर में रंजीत माली की गेंद पर रिंकू सिंह एलबीडब्ल्यू हो गए। उस समय रिंकू सिंह का व्यक्तिगत स्कोर 149 व यूपी का स्कोर 464 रन था। इसके बाद गोकुल शर्मा की गेंद पर सौरभ कुमार (59) ने कुनाल को कैच लपका दिया। फिर 172.1 ओवर में जीतुमोनी की गेंद पर उपेंद्र यादव ने गोकुल को कैच थमा दिया।
उस समय उपेंद्र का व्यक्तिगत स्कोर 138 रन था। इसके बाद कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक न सका। 9वां विकेट अंकित राजपूत (3) के रूप में गिरा। इसके बाद रंजीत माली ने यश दयाल को बिना खाता खोले ही बोल्ड मारकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। दोपहर में असम टीम के बल्लेबाज रिषव दास व राहुल हजारिका मैदान में उतरे और तीसरे दिन का मैच खत्म होने तक 102 रन बनाकर क्रीज पर डटे रहे। तीसरे ओवर की दूसरी बॉल पर अंकित राजपूत की गेंद पर रिषव दास ने अंकित को ही कैच थमा दिया, मगर नो बॉल होने के कारण रिषव को एक जीवन दान मिल गया।