चंदे के पैसों से जम्मू गए हिमाचल के दो युवा पहलवान गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर ले आए हैं। जम्मू विश्वविद्यालय में ऑल इंडिया इंटर स्टेट ओपन रेसलिंग चैंपियनशिप में देहरा के जुड़वा भाइयों ने हिमाचल का नाम चमकाया है। चैंपियनशिप में लविश ने 38 किलो भार वर्ग में गोल्ड और कुशिव ने 40 किलो भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीता है। गरीब परिवार से संबंध रखने लविश और कुशिव के पास चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए जम्मू जाने के लिए पैसे तक नहीं थे।
शिक्षकों और अन्य लोगों के सहयोग से जम्मू विश्वविद्यालय में हुई प्रतियोगिता में दोनों भाई मेडल जीताकर लाए हैं। लविश और कुशिव के कोच पहलवान रमेश पटियाल ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों को संस्कृत विद्यापीठ में मैट और पहलवान लेखराज टिड्डी ने लग बालियाना स्थित अखाड़े में अभ्यास करवाया। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परागपुर में 9वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे जुड़वां भाइयों के लिए जम्मू विश्वविद्यालय तक पहुंचना किसी संघर्ष से कम नहीं रहा है। इनके दादा शिव कुमार और पिता वीरेंद्र गांव में छोटी सी दुकान चलाते हैं।
सीमित संसाधनों के कारण एक बेटे पर 6-7 हजार रुपये खर्च कर भेजने की बात सुनकर घर वालों ने निर्णय लिया कि किसी एक ही बेटे को जम्मू भेजेंगे, लेकिन इनके हौसले को उड़ान तब मिली जब प्रागपुर विद्यालय के शारीरिक शिक्षक प्रवक्ता सुरेंद्र चूड़िया ने जम्मू तक पहुंचाने और वहां का खर्च करने के लिए एक भाई का जिम्मा ले लिया। दोनों भाईयों ने 19 से 21 जुलाई तक ओपन चैंपियनशिप में भाग लिया। स्कूल के प्रधानाचार्य शेर सिंह लगवाल ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है।