ओलंपिक शूटर विजय कुमार अब भारतीय सेना के बाद हिमाचल पुलिस में रहकर प्रदेश का नाम रोशन करने जा रहे हैं। 13वीं अखिल भारतीय पुलिस शूटिंग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए डीएसपी विजय कुमार के नेतृत्व में हिमाचल पुलिस के 15 निशानेबाजों का दल महाराष्ट्र के पुणे में पहुंच गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 13 जनवरी से 18 जनवरी तक होगी।
हिमाचल की टीम पुणे पहुंचकर रविवार से दो दिन के अभ्यास में जुट गई है। उधर, डीएसपी विजय कुमार ने कहा कि वह पुणे पहुंच चुके हैं। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अभ्यास शुरू कर दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हिमाचल के लिए इस प्रतियोगिता में मेडल लाएंगे। प्रतियोगिता महाराष्ट्र के बालेबाड़ी के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में शुरू होगी।
इसमें प्रदेश पुलिस से डीएसपी विजय कुमार, इंस्पेक्टर मानवेंद्र ठाकुर, सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, एएसआई रंजीत सिंह, नरेश कुमार, मुख्य आरक्षी सचिन पाल, शुभम कुंडल्स, आरक्षी नवीन चौहान, राजिंद्र कुमार, राजेश कुमार, महिला आरक्षी भावना और आरक्षी जुगल किशोर भाग ले रहे हैं। विजय कुमार ने 2012 लंदन ओलंपिक में पिस्टल शूटिंग में देश को पहला मेडल दिलाया है। उनके नाम की मध्य प्रदेश में शूटिंग रेंज भी खुली है।