दिवाली पर मेरठ के शूटर सौरभ चौधरी पर कुवैत में जमकर सोना बरसा। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल में व्यक्तिगत, टीम इवेंट और मिक्स इवेंट में गोल्ड पर निशाना साधा। शुक्रवार को मिक्स इवेंट में सौरभ चौधरी ने साथी शूटर मनु भाकर के साथ गोल्ड जीता है। सौरभ दो दिन में तीन स्वर्ण पदक पर कब्जा कर चुके हैं। उनके प्रशंसक अब उन्हें 'गोल्डन ब्वॉय' बोलने लगे हैं।
मेरठ के कलीना गांव निवासी सौरभ चौधरी का सितारा इन दिनों बुलंदियों पर है। अंतर्राष्ट्रीय स्तरीय स्पर्धाओं में लगातार स्वर्ण जीतकर सौरभ ने हर जगह देश का परचम लहराया है। इस स्पर्धा से पहले वह आईएसएसएफ विश्वकप, जकार्ता के एशियन गेम्स, अर्जेंटीना में यूथ ओलंपिक गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीत चुके हैं।
पहले कुवैत में 11वीं एशियन एयरगन चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में व्यक्तिगत और टीम इवेंट में डबल स्वर्ण पदक झटका और फिर मिक्स टीम ने चीन को पछाड़कर स्वर्ण पर कब्जा जमाया है।