मैसिडोनिया के स्कोपजे में चल रही विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल के संजय यादव कांस्य पदक के लिए अमेरिका के पहलवान से भिड़ेंगे। संजय यादव सेमीफाइनल में पोलैंड के पहलवान से हार गए थे। इसके बाद अब वे कांस्य पदक के लिए मुकाबला खेलेंगे।
संजय यादव 100 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा ले रहे हैं। आठ सदस्यों वाली भारतीय टीम में संजय यादव हिमाचल के अकेले खिलाड़ी हैं। प्रतियोगिता का समापन 30 सितंबर को होगा। सरकाघाट के संजय यादव मंडी के बागला स्कूल में बतौर डीपीई सेवाएं दे रहे हैं।
वे किक बॉक्सिंग के टॉप अंतरराष्ट्रीय रेफरियों में भी शामिल है। पहले भी घरेलू प्रतिस्पर्धाओं में संजय यादव प्रदेश को कई मेडल दिलवा चुके हैं। अब कांस्य पदक के लिए अकेले भारतीय खिलाड़ी हैं।
संजय यादव ने 1999 में चंडीगढ़ में हुई अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में प्रदेश को रजत पदक दिलाया था। वर्ष 2005 में उन्हें कुश्ती में हिमाचल केसरी के खिताब से भी सम्मानित किया गया। 2009-10 में सीनियर नेशनल वूशु प्रतियोगिता में प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीता।
2010 में मार्शल आर्ट की विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में भारत के लिए रजत पदक जीता। 2011 में हांगकांग में हुई अंतरराष्ट्रीय वूशु प्रतियोगिता में कांस्य पदक देश के लिए जीता।