एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में चल रहे रणजी ट्रॉफी के ग्रुप बी के पहले मुकाबला का दूसरा दिन भी गेंदबाजों के नाम रहा। दूसरे दिन हिमाचल और सौराष्ट्र के गेंदबाजों ने 16 विकेट झटके। सौराष्ट्र जीत से सिर्फ 66 रन दूर है। दूसरे दिन सौराष्ट्र की टीम 93 रन से आगे बल्लेबाजी करने उतरी। सौराष्ट्र की टीम 141 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और मेजबानों से 21 रन की बढ़त बनाई। दूसरे दिन सौराष्ट्र के डीए जडेजा ने सर्वाधिक 47 रन की पारी खेली। मंगलवार को दूसरी पारी खेलने उतरे हिमाचल के टॉप चार बल्लेबाज नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जिसमें सलामी बल्लेबाज खंडूरी ने पांच, प्रशांत व सुमित ने एक-एक और कप्तान अंकित कलसी दो रन बनाकर आउट हो गए। मध्यक्रम के ऋषि धवन और अंकुश बैंस ने हिमाचल की पारी को संभाला।
धवन ने 53 और अंकुश ने 74 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। दूसरी पारी में हिमाचल की पूरी टीम 38.3 ओवर में 182 रन बनाकर सिमट गई।
सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट 15.3 ओवर में 51 रन देकर छह विकेट झटके, जबकि सी सकरिया ने 11 ओवर में दो विकेट हासिल किए। 162 रन का पीछा करने उतरी मेहमान टीम के सलामी बल्लेबाजों ने सधी हुई शुरूआत की। हिमाचल को पहले विकेट के लिए थोड़ा संघर्ष करना पड़ा। ऋषि धवन ने हिमाचल को पहली सफलता 16वें ओवर में दिलाई। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक सौराष्ट्र ने तीन विकेट के नुकसान पर 96 रन बनाए है। तीसरे दिन सौराष्ट्र की जीत के लिए 66 रन की जरूरत है, जबकि हिमाचल को जीत के लिए 66 रन से पहले सात विकेट झटकने होंगे। मेजबान सौराष्ट्र ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया। पहले पारी चेतेश्वर पुजारा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे, लेकिन दूसरी पारी में तीन विकेट गिरने के बाद भी पुजारा बल्लेबाजी करने नहीं आए। पुजारा ने पहले पारी में सिर्फ दो रन बनाए थे।