धर्मशाला स्टेडियम में हिमाचल और सौराष्ट्र के बीच रणजी ट्रॉफी मैच के पहले दिन विकेटों की पतझड़ लग गई। हिमाचल की टीम 120 पर ढेर हो गई। वहीं, दिन का खेल खत्म होने तक सौराष्ट्र की टीम ने भी 93 के स्कोर पर सात विकेट गंवा दिए हैं। हिमाचल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। सौराष्ट्र के गेंदबाजों ने हिमाचल की पूरी टीम को 120 रन पर ऑलआउट कर दिया।
सौराष्ट्र की टीम भी पहले दिन का खेल खत्म होने तक सात विकेट खोकर सिर्फ 93 रन ही बना पाई है। चेतेश्वर पुजारा भी 17 गेंदों का सामना कर सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए। इससे पहले हिमाचल 42.3 ओवर में 120 बनाकर सिमट गई। हिमाचल की ओर से सलामी बल्लेबाज प्रशांत चोपड़ा ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि सुमित वर्मा ने 22 रन का योगदान दिया।
इसके अलावा सलामी बल्लेबाज प्रियांशु खंडूरी ने 13, कप्तान अंकित कलसी ने 9, निखिल गांगटा ने 7, अंकुश बैंस ने 10, ऋषि धवन ने 4, अंकुश बेदी 14 रन बनाकर नाबाद रहे। सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने 12.3 ओवर में तीन विकेट झटके। वहीं, सीएस जानी ने 13 ओवर में तीन और मंकड ने नौ ओवर में तीन विकेट हासिल किए। वहीं, पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी सौराष्ट्र के बल्लेबाज भी कुछ साख नहीं कर पाए।
तीसरे ही ओवर में हिमाचल के गेंदबाज वैभव अरोड़ा ने पहली सफलता दिलाई। सौराष्ट्र की ओर से एसएस पटेल ने सर्वाधिक 42 रन की पारी खेली। इसके अलावा एवी वासवाडा ने 16 रन बनाए, जबकि पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़े तक भी नहीं पहुंचे। हिमाचल की ओर से वैभव अरोड़ा ने 11 ओवर में तीन, पंकज जसवाल ने दस ओवर में तीन और ऋषि धवन ने एक विकेट झटका।