एचपीसीए स्टेडियम के बाद खेल विभाग के सिंथेटिक ट्रैक ने भी देश भर में अलग पहचान बना ली है। हाई एल्टीट्यूड ट्रेनिंग के लिए धर्मशाला का सिंथेटिक ट्रैक एथलीटों की पसंद बन गया है। पिछले साल के मुकाबले इस बार ऑफ सीजन में सिंथेटिक ट्रैक पर जयपुर पिंक पैंथर्स के अलावा तीन और अकादमी के खिलाड़ी अभ्यास करने के लिए आए हैं, जो ट्रैक पर वार्मअप कर रहे हैं।
जिला खेल अधिकारी संजय शर्मा ने कहा कि इस बार अभ्यास के लिए सिंथेटिक ट्रैक पर पिछले साल के मुकाबले ज्यादा खिलाड़ी आए हैं। केंद्रीय विद्यालय संगठन की राष्ट्रीय एथलीट मीट भी पांच से 15 जून तक इसी ट्रैक पर होगी।
1. जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम 16 जून तक सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास करेगी। पहली बार प्रो-कबड्डी लीग में भाग लेने वाली कोई टीम अभ्यास कैंप के लिए धर्मशाला पहुंची है।
2. अमृतसर हॉकी अकादमी की महिला हॉकी टीम भी पिछले एक सप्ताह से अभ्यास कर रही है। हॉकी टीम की 16 महिला खिलाड़ी चार जून तक सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास करेगी।
3. मुंबई की एक एथलीट अकादमी के 10 खिलाड़ी सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास कर रहे हैं। इन एथलीटों का अभ्यास भी चार जून तक चलेगा।
4. गेल इंडिया के 21 एथलीट सिंथेटिक ट्रैक पर सुबह और शाम के सत्र में अभ्यास करते हैं। इसके अलावा राजस्थान के भी 19 और एथलीट आगामी चार जून से धर्मशाला में एक महीने के लिए अभ्यास करने आएंगे।
सुधा सिंह भी एक साल बहा चुकी है पसीना
भारत की महिला धावक सुधा सिंह ने भी 18वें एशियाई खेलों से पहले धर्मशाला में एक साल तक लगातार अभ्यास किया है। सुधा सिंह ने वर्ष 2018 की एशियाई गेम्स में 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा के फाइनल में रजत पदक जीता है। सुधा ने नौ मिनट 40.03 सेंकेंड में दूरी तय करते हुए दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक दिलाया था।