जकार्ता (इंडोनेशिया) में चल रहे पैरा एशियाई खेलों में बैडमिंटन के टीम इवेंट में भारत को कांस्य पदक मिला है।
भारत की छह सदस्यीय टीम को सेमीफाइनल में मलयेशिया के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा। प्रतियोगिता में इंडोनेशिया ने स्वर्ण और मलयेशिया ने रजत पदक जीता। रविवार को टीम इवेंट के सेमीफाइनल में भारतीय बैडमिंटन टीम का मुकाबला मलयेशिया से हुआ। दो घंटे चले इस मुकाबले में पहले दो राउंड में दोनों टीमें एक-एक प्वाइंट लेने में सफल रहीं। तीसरे और अंतिम राउंड में मलयेशिया की टीम ने भारतीय टीम को शिकस्त दे दी।
इससे पहले शनिवार को भारतीय टीम का सामना प्री क्वार्टर फाइनल में चीन के तायपाय और क्वार्टर फाइनल में जापान से हुआ। दोनों मैचों में भारत ने प्रतिद्वंद्वियों को 2-0 से शिकस्त दी। चिराग बरेठा अब एकल, युगल और मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक के लिए जोर आजमाइश करेंगे। डबल्स में उनके साथ इलाहाबाद के जिलाधिकारी सुहास एलवाई होंगे।
ये लोग थे टीम में
राकेश पांडे, तरुन ढिल्लन, सुहास एलवाई, चिराग बरेठा, सुकांत कदम, राजकुमार