राजधानी शिमला के डाकबंगला से शनिवार को हस्तपा की ओर से पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित की जा रही आठवीं हिरो एमटीबी हिमालयन शिमला साइकिल रेस शुरू की गई। पहले दिन राइडर्स ने तय रूट पर पहाड़ी, पथरीले जोखिम भरे रूट से होते हुए तय दूरी पूरी की।
इसमें राइडर्स ने डाकबंगला से लेकर बैखलटी, सरोग, क्यारटू और वहां से वापस डाकबंगला तक का सफर सफलतापूर्वक पूरा किया। इस रेस के लिए पंजीकृत 88 राइडर्स में से 86 ने रेस में हिस्सा लिया।
हस्तपा के निदेशक मोहित सूद ने बताया कि पहले दिन शिमला के डेविड कुमार ने बढ़त बनाते हुए पिछले दो सीजन में जीत दर्ज करने के बाद तीसरी बार विजेता ट्राफी के रास्ते को आसान किया। वही, शिमला के ही अतुल चौहान और रोहित ठाकुर मनाली ने भी पहले दिन अच्छा प्रदर्शन किया।
डेविड ने तय रूट को तीन घंटे 44 मिनट और 33 सैकेंड में पूरा किया। जबकि आशीष शेरपा डेविड के साथ 30 किलोमीटर तक दूसरे स्थान पर बने रहे। 30 किलोमीटर के बाद अतुल ने सरोग के पास बढ़त बनाई।
अतुल चौहान ने पहले दिन में हुई स्पर्धा में चार घंटे एक मिनट में दूरी तय की। सुनील बरोंगपा ने मास्टर सोलो श्रेणी में चार घंटे 27 मिनट और 27 सैकेंड का समय लगाया। एसएसबी से बिनिता राय महिला एकल श्रेणी में बढ़त बनाए हुए है।