ग्रामीण क्षेत्रों व कस्बों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। अगर इन प्रतिभाओं को मंच मिले तो वह निश्चित रूप से आगे बढ़कर देश का मान बढ़ाएंगे। यह साबित किया है, मेरठ में इंचौली के ग्राम धनपुर के एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले नौकायन खिलाड़ी कपिल शर्मा ने। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की नौकायन प्रतिस्पर्धाओं में मेडल जीतकर अपने प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले कपिल का चयन हाल ही में लक्ष्मण अवार्ड के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के बाद न केवल कपिल का परिवार बल्कि पूरा गांव खुशी से फूला नहीं समां रहा।
एथलेटिक्स में देश का नाम रोशन करने का सपना देखने वाले कपिल शर्मा ने यह कभी नहीं सोचा था कि वह नौकायन जैसे इवेंट में देश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कपिल शर्मा ने अपनी खुशी को खुलकर बयां किया।