जम्मू के परेड ग्राउंड में चल रही छठीं टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को अपने मुकाबले जीतकर केसी स्पोर्ट्स और शहंशाह क्लब की टीमें क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गई। केसी स्पोर्ट्स और राजा वारियर्स की टीमों के मध्य हुए कांटेदार मुकाबले में केसी स्पोर्ट्स क्लब ने बीस ओवर में सात विकेट खोकर 146 रन बनाए।
अभिशांत बख्शी ने सबसे ज्यादा 52 और अर्जुन चौधरी ने 21 रन का योगदान दिया। जीत के लिए जरूरी 147 रन का पीछा करने उतरी राजा वारियर्स की टीम 145 रन तक पहुंच गई लेकिन एक रन से मुकाबला हार गई।
आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए नौ रन की जरूरत थी लेकिन उसके बल्लेबाज आठ रन ही बना पाएं। वहीं दूसरे मैच में शहंशाह क्लब की टीम ने क्रिश्चियन स्पोर्ट्स आर्गेनाइजेशन की टीम को 15 रन से हरा क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई। शहंशाह क्लब के 137 रन के मुकाबले में क्रिश्चयन क्लब की टीम 122 रन ही बना पाई।