कूच बिहार ट्रॉफी के मुकाबले में मेजबान जेएंडके ने तीसरे दिन बड़ौदा के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। पहली पारी में बल्लेबाजी का दमखम दिखाने वाले मेजबान टीम के खिलाड़ी संपर्क गुप्ता ने घातक गेंदबाजी करते हुए बड़ोदा के आठ बल्लेबाजों को वापस भेज दिया और बड़ौदा की पूरी टीम पहली पारी में 218 रनों पर ऑल आउट हो गई।
इसके जवाब में दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट खोकर 112 रन बना लिए हैं और उसके पास 42 रन की बढ़त हो गई है। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी जेएंडके की शुरूआत काफी खराब रही और पहला विकेट 10 रन पर ही गिर गया। एक समय 52 रन पर तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।
इसके बाद कप्तान कन्हैया वाधवान और मुसैफ अजाज ने पारी को संभाला और दिन का खेल खत्म होने तक विकेट पर 112 रन बना लिए। इससे पहले गेंदबाजी में जेएंडके के संपर्क गुप्ता ने 23 ओवर में 86 रन देकर आठ विकेट झटके। इसमें पांच ओवर मेडन थे।