जम्मू विश्वविद्यालय के मैदान पर जारी अंतर कालेज हाकी (पुरुष) प्रतियोगिता
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू विश्वविद्यालय के मैदान पर जारी अंतर कालेज हाकी (पुरुष) प्रतियोगिता में पीजी आर्ट्स और डिग्री कालेज कठुआ ने अपने जीत अभियान को जारी रखते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर फाइनल में प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल में पीजी आर्ट्स ने डिग्री कालेज पलोड़ा को सीधे मुकाबले में 4-1 से मात दी। पीजी के खिलाड़ियों ने शुरू से ही जोरदार हमले जारी रखे और आखिर तक दबाव बनाए रखने में सफलता हासिल की। हालांकि पलोड़ा के खिलाड़ी कई बार बाल को लेकर गोल पोस्ट तक पहुंचे, मगर वे पीजी की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने में सफल नहीं हो पाए।
टीम की ओर से गौरव रैना ने 5वें और 10वें मिनट में शानदार मूव बनाते हुए बाल को गोल पोस्ट में डालकर मजबूत स्थिति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। सावल अहमद ने 18वें और अमनदीप शर्मा ने 37 मिनट में गोल ठोककर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। पलोड़ा की ओर से गुरप्रीत सिंह को 24वें मिनट में एकमात्र सफलता मिली। दूसरे सेमीफाइनल में डिग्री कालेज कठुआ और डिग्री कालेज हीरानगर के बीच कांटे की टक्कर हुई।
दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने जोरदार खेल दिखाया। लेकिन दोनों ही ओर से रक्षापंक्ति मजबूत होने से आखिर तक कोई भी खिलाड़ी गोल करने में कामयाब नहीं हो पाया। लेकिन आखिर में पेनाल्टी शूट में कठुआ के खिलाड़ी 4-2 से जीत अपनी झोली में डालने में कामयाब रहे। इन मुकाबलों में जगजीत सिंह, मतिंद्र पाल सिंह, रवनीत सिंह, हरमीक सिंह, दलविंदर सिंह आदि ने तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाई। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने प्रो. संजय सिंह, जीएस बख्शी आदि पहुंचे।