डलहौजी में आयोजित इंडियन बॉडी बिल्डिंग क्लासिक चैंपियनशिप का ओवर ऑल चैंपियन का खिताब पंजाब के प्रदीप कुमार के नाम रहा। प्रतियोगिता में 55 से 90 किलो भार वर्ग में कुल 70 प्रतिभागी शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विधानसभा उपाध्यक्ष हंस राज ने विजेताओं-उपविजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर ब्रिगेडियर दीपेंद्र मनराई, डॉ. कैप्टन जीएस ढिल्लो विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
आयोजक शाहबाज खान और विनय ने बताया कि प्रतियोगिता में पंजाब के हरजोत द्वितीय और पंजाब के ही जतिंद्र अरोड़ा तृतीय रहे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक भार वर्ग में भी प्रथम तीन स्थानों पर आने वाले बॉडी बिल्डर्स (पहलवानों) को नकद पुरस्कार, मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। बॉडी बिल्डिंग के 55 किग्रा में पंजाब के लखविंद्र प्रथम, मनीष कुमार ने द्वितीय और प्रभजोत सिंह तृतीय, 55 से 60 किग्रा में पंजाब से प्रदीप वर्मा प्रथम, गौरव ने द्वितीय, हिमाचल के अंकित (डलहौजी) ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इसी तरह से 60 से 65 किग्रा में उत्तरप्रदेश के आसिफ प्रथम, दिल्ली के सलीम द्वितीय, उत्तर प्रदेश के हरीश कुमार तृतीय रहे। 65 से 70 किग्रा में उत्तराखंड के इंद्र कुमार प्रथम, उत्तरप्रदेश के जुबिर द्वितीय और दिल्ली के कमल शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। 70 से 75 किग्रा में पंजाब के पप्पू मसीह प्रथम, पंजाब के साहिल द्वितीय, पंजाब के कृष्णा तृतीय पायदान पर रहे।
75 से 80 किलोग्राम वर्ग में पंजाब के जतिंदर प्रथम, उत्तरप्रदेश के विकास द्वितीय और पंजाब के ही परमिंदर सिंह तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, 80 से 85 किग्रा में पंजाब के गुरहरमन प्रथम, राम यादव द्वितीय और अंकुश महाजन तृतीय स्थान पर रहे। 85 से 100 किग्रा में पंजाब के दो ही प्रतियोगी शामिल हुए। जिनमें हरजोत राय प्रथम जबकि कुलवंत सिंह को द्वितीय स्थान मिला।