भारतीय फैन को देश छोड़ने की राय देने वाले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली पर इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी) ट्रैफिक बसंत रथ ने हमला बोला है। आईजीपी ने अपने ट्विटर हैंडल पर कड़े शब्दों में कोहली की आलोचना करते हुए लिखा, 'प्रिय विराट, मुझे जावेद मियांदाद काफी पसंद हैं। कृपया अपनी देशभक्ति और विज्ञापन कॉन्ट्रैक्ट अपने पास रखें।'
गौरतलब है कि एक क्रिकेट फैन ने कोहली को टैग करते हुए लिखा था, 'मैं इन भारतीयों की तुलना में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को देखना पसंद करता हूं।' कोहली को लेकर इस खेल प्रेमी ने लिखा था, 'क्षमता से बढ़ाकर आंका गया बल्लेबाज (ओवर रेटेड बैट्समैन).... निजी तौर पर मुझे उनकी बल्लेबाजी में कुछ भी खास नहीं दिखता।'
इस घटना के बाद कप्तान कोहली को फैन का यह तंज पसंद नहीं आया और उन्होंने अपनी आक्रामक शैली की बैटिंग के अंदाज में ही इसका जवाब दे डाला। कोहली ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'मुझे नहीं लगा कि तुम्हें भारत में रहना चाहिए। जाइए और कहीं जाकर रहिए।'
कोहली ने अपनी प्रतिक्रिया में आगे लिखा, 'आप इस देश में रह रहे हैं और दूसरे देशों को पसंद कर रहे हैं। मुझे इस पर कोई ऐतराज नहीं है कि तुम्हें मेरा खेल पसंद नहीं है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि तुम्हें इस देश में रहकर दूसरी चीजों को पसंद करना चाहिए। अपनी प्राथमिकताओं को सही करिए।'
कप्तान कोहली का सोशल मीडिया पर ऐसा रवैया देखने के बाद आलोचकों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ज्यादातर लोगों की राय थीं कि विराट को इस क्रिकेटप्रेमी को इस अंदाज में जवाब नहीं देना चाहिए था। फैंस का कहना था कि कप्तान कोहली को किसी भी भारतीय को देश से बाहर भेजने या राय देने का कोई अधिकार नहीं है।