आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 24 से 28 सितंबर के बीच होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में कानपुर के हिमांशु सिंह निशाना साधेंगे। वह यूपी टीम में अंडर-9 वर्ग में चयनित होने वाले कानपुर के इकलौते खिलाड़ी हैं। आठ साल के हिमांशु इंडियन राउंड की प्रतिस्पर्धा में प्रतिभाग करेंगे। बुलंदशहर में 19 अगस्त को संपन्न हुई राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक जीतने पर हिमांशु का चयन राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में किया गया।
अर्मापुर स्टेट निवासी आर्डनेंस फैक्ट्री में कार्यरत धीरेंद्र सिंह के पुत्र हिमांशु सिंह पनकी स्थित श्रीराम एजुकेशन सेंटर में कक्षा चार के छात्र हैं। बुलंदशहर में हुई प्रतियोगिता में 10 मीटर, 15 मीटर व संयुक्त टीम में धनुष से निशाना लगाकर हिमांशु ने तीन स्वर्ण जीते थे।