सीनियर राष्ट्रीय कोर्फबाल प्रतियोगिता में हिमाचल टीम ने जीत के साथ शुरुआत की है। टीम ने पहले मैच में छत्तीसगढ़ को 11-2 गोल से पराजित कर धमाकेदार जीत दर्ज की है। अब प्रदेश टीम का अगला मैच पश्चिम बंगाल और केरल के साथ होगा। 22 जुलाई तक मध्य प्रदेश के एलएनसीटी विश्वविद्यालय भोपाल परिसर में खेली जा रही राष्ट्रीय कोर्फबाल प्रतियोगिता में प्रदेश सहित 23 राज्यों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
टीमों को चार पूलों में बांटा गया। प्रदेश टीम डी पूल में है। इसमें केरल, पश्चिमी बंगाल, छत्तीसगढ़ और गोवा की टीम भी शामिल है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष एवं कांगड़ा के उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति, महासचिव एवं अखिल भारतीय रेफरी बोर्ड के चेयरमैन बीआर सुमन, अशोक कुमार, सेसराम ठाकुर, सतीश शर्मा, ऊषा ठाकुर, मनीष और प्रवीण शर्मा ने टीम को पहली जीत के लिए बधाई दी। बीआर सुमन ने कहा कि इस प्रतियोगिता में 523 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। टीम आगे भी ऐसी ही जीत हासिल करेगी।