मध्य प्रदेश के उज्जैन में राष्ट्रीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में हिमाचली की बेटियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। उज्जैन में यह प्रतियोगिता 10 से 14 अक्तूबर तक चली। प्रदेश की टीम में रामपुर उपमंडल के दुर्गम स्कूलों की छात्राओं ने प्रतिभा का डंका बजाया। प्रदेश टेनिस क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष विरेंद्र शर्मा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवकांत खाची ने बताया कि मध्य प्रदेश के उज्जैन में अंडर-14 सब जूनियर राष्ट्रीय टेनिस क्रिकेट स्पर्धा करवाई गई।
कोच दुर्गा प्रसाद की अगुवाई में हिमाचल की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम किया। विरेंद्र शर्मा ने कहा कि फाइनल मुकाबले में प्रदेश की टीम ने तमिलनाडु की टीम को शिकस्त देकर विजेता का खिताब जीता। प्रतियोगिता में शिल्पा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के खिताब से नवाजा गया। दीपिका को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। रामपुर उपमंडल के किन्नू स्कूल की सिमरन, स्वीटी, दिव्यंका, शिल्पा, सिया, दीपिका, मोक्षिता, सहारा, दोफदा स्कूल की साक्षी, उर्वशी, दीक्षु, लिपाक्षी, आंचल और ढेऊ स्कूल की वंशिका, रिद्धिमा और शाहरधार स्कूल की आयुषी ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।