तीसरी स्कूल कल्चर डेवलपमेंट फाउंडेशन ऑफ इंडिया (एससीडीएफ) नेशनल गेम्स में हिमाचल के खिलाड़ियों ने 7 स्वर्ण, 2 रजत और एक कांस्य पदक डाला है। प्रतियोगिता में दो वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इंडियन स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन ने सिटी ग्रुप यूनिवर्सिटी जालंधर में ओपन राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता करवाई।
इसमें हिमाचल सहित 9 राज्यों के 780 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कबड्डी कोच हंसराज शर्मा की अगुवाई में प्रदेश के 70 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दमखम दिखाया। हिमाचल स्पोर्ट्स कल्चर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी मनीष अग्रवाल ने बताया कि 5000, 3000, 1600 और 400 मीटर दौड़ में प्रदेश के खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल जीते हैं। 200 मीटर में एक सिल्वर मेडल तथा 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया है।
कबड्डी में सीनियर वर्ग की टीम ने गोल्ड मेडल जीता है। वॉलीबाल के सीनियर और जूनियर वर्ग में एक-एक गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। स्पोर्ट्स कल्चर डेवलपमेंट ऑफ इंडिया एसोसिएशन के प्रधान सतेंद्र सिंह सिद्धू ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।