सीनियर राष्ट्रीय कोर्फबाल प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम विजेता बनी है। फाइनल मुकाबले में पूर्व विजेता रही हरियाणा की टीम को हराकर हिमाचल ने खिताब अपने नाम कर लिया। प्रदेश की टीम चार साल बाद इस प्रतियोगिता में विजेता बनी है।
पश्चिमी बंगाल और महाराष्ट्र की टीम संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही। चार दिवसीय 31वीं सीनियर राष्ट्रीय कोर्फबाल प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के भोपाल में खेली गई। प्रतियोगिता का फाइनल मैच पिछले साल की विजेता रही हरियाणा और हिमाचल की टीम के बीच खेला गया।
फाइनल मैच में प्रदेश की टीम ने गोल्डन गोल से हरियाणा को 12-11 से पराजित किया। इससे पहले प्रदेश की टीम ने क्वार्टर फाइनल मैच में उड़ीसा की टीम को हराया।
सेमीफाइनल मैच में प्रदेश की टीम ने पश्चिम बंगाल की टीम को 13 के मुकाबले तीन गोल से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला वर्ष 2018 की राष्ट्रीय सीनियर कोर्फबाल प्रतियोगिता की विजेता रही हरियाणा और उपविजेता रही प्रदेश की टीम के बीच हुआ।
इस मैच में प्रदेश की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए हरियाणा की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रदेश की टीम ने चार साल बाद दोबारा प्रतियोगिता अपने नाम की।
इसमें प्रदेश की टीम के कप्तान विशाल शर्मा और हरियाणा के रजत को बेस्ट शूटर और प्रदेश के विनोद कुमार को बेस्ट रेफरी का पुरस्कार दिया गया। अखिल भारतीय कोर्फबाल फेडरेशन के उपाध्यक्ष और प्रदेश महासचिव बीआर सुमन ने कहा कि प्रतियोगिता में 23 राज्यों के 523 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
उन्होंने इसके लिए प्रदेश की टीम को बधाई दी। इस अवसर पर कोर्फबाल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनुज चौहान, महासचिव केके वर्मा, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मौजूद रहे।