घुमारवीं के डीपीई प्रेम वशिष्ठ भुट्टो का चयन इंडो इंटरनेशनल प्रीमियम कबड्डी लीग में बतौर रेफरी हुआ है। कबड्डी लीग 13 मई से 4 जून तक देश के विभिन्न शहरों में होगी।
भुट्टो इससे पहले खिलाड़ी के तौर पर राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहरा चुके हैं। अब रेफरी के रूप में अपना हुनर दिखाएंगे। चयन प्रक्रिया और रिफ्रेशर कोर्स से वापस लौटे प्रेम का उनके मित्रों और चाहने वालों ने भव्य स्वागत किया। मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई।
प्रदेश डीपीई संघ के प्रधान डॉ. दिनेश जागटा ने प्रेम वशिष्ठ भुट्टो के चयन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि प्रो-कबड्डी की तर्ज पर शुरू होने वाली इस लीग में देशभर के खिलाड़ी निखर कर सामने आएंगे। रेफरी और ऑफिशियल की बेहतर नर्सरी भी देश को मिलेगी।
इंडो इंटरनेशनल प्रीमियम कबड्डी लीग के डायरेक्टर रवि किरण ने बताया कि कबड्डी के इस महाकुंभ के सफल संचालन को देश के कुछ चुनिंदा ऑफिशियल में से जिला बिलासपुर से डीपीई प्रेम वशिष्ठ के साथ डीपीई नरेंद्र पाल सिंह व पीईटी चमन लाल का भी चयन हुआ है।
यहां-यहां होंगे मैच
13 मई से 21 मई तक पुणे के श्री छत्रपति शिवाजी स्पोर्ट्स कांपलेक्स बलेवाड़ी महालुंगे तथा 22 मई से 29 मई तक मैसूर कर्नाटक के चांमुडी बिहार स्टेडियम। 30 मई से 4 जून तक बंगलूरू कर्नाटक के श्री कंटीरवा स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रेम वशिष्ठ रेफरी की भूमिका का निर्वहन करेंगे। मोरसिंघी पंचायत के मस्धान गांव से संबंध रखने वाले प्रेम वशिष्ठ कबड्डी और कुश्ती के उत्कृष्ट खिलाड़ी रहे हैं।