दिल्ली के त्यागराज मैदान में सिरमौर के एक दिव्यांग एथलीट ने प्रतिभा का लोहा मनवाया। आयुर्वेदिक विभाग में बतौर फार्मासिस्ट सेवारत वीरेंद्र सिंह ने दिल्ली में हुई राष्ट्रीय दृष्टिबाधित एथलेटिक्स में अलग-अलग इवेंट में तीन रजत पदक जीते हैं।
उपमंडल संगड़ाह के लगनू गांव से संबंध रखने वाले वीरेंद्र उर्फ बबलू प्रदेश से एकमात्र ऐसे प्रतिभागी हैं, जिन्होंने दिल्ली में अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ी। उन्होंने हिमाचल का प्रतिनिधित्व कर पांच हजार मीटर, 1500 और 800 मीटर दौड़ में तीन रजत पदक हासिल किए।
इस स्पर्धा में 20 राज्यों से 600 दृष्टिबाधित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। उधर, जिला सिरमौर पैरास्पोर्ट्स एसोसिएशन अपने प्रतिभागी की इस उपलब्धि से गदगद है। एसडीपीए के सीईओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इससे पहले भी वीरेंद्र प्रदेश के लिए कई पदक हासिल कर चुके हैं।
आयुर्वेदिक विभाग में सेवाएं दे रहे वीरेंद्र एक बेहतरीन धावक हैं। वे कई पदक प्रदेश के नाम कर चुके हैं। ऐसे धावक को सरकार की ओर से भी सम्मानित किया जाना चाहिए।
उधर, धावक वीरेंद्र ने बताया कि तीन रजत पदक जीतकर उन्हें काफी खुशी है। प्रयास रहेगा कि वे स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने बताया कि दिल्ली में ईब्सा (आईबीएसए) ऊषा नेशनल एथलीट चैंपियनशिप हुई थी।