पहली बार आयोजित हो रहे अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइज मनी पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता के अंतर्गत सिगरा स्टेडियम में हुए उद्घाटन मुकाबले में सिटी क्लब दिल्ली ने बक्सर बिहार को 1-0 से पराजित किया। वहीं दूसरे मैच में उत्तर प्रदेश एकादश ने मध्य प्रदेश एकादश को 3-0 गोलों से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
दिल्ली ने तेजगति से खेल प्रारंभ करते हुए खेल के चौथे मिनट में अमित के क्रास पर वीरेंद्र ने हेड से गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह अंतर अंतिम सीटी बजने तक बरकरार रहा। दूसरे मैच में युवा खिलाड़ियों से सुसज्जित उत्तर प्रदेश एकादश ने ताल मेल के साथ खेलते हुए खेल के 14वें मिनट में बांए छोर से प्रतीक शर्मा के सटीक पास पर आसिफ अली ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
खेल के 27वें मिनट में यूपी के प्रतीक ने एक बार फिर दर्शनीय गोल किया। 43वें मिनट में प्रतीक शर्मा के तेज शॉट को गोलकीपर ने पंच मारकर बचा तो लिया परंतु पास खड़े पुनीत चंद्रा इसे गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। यूपी एकादश ने 3-0 से जीत दर्ज की। इससे पहले खेल राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उप निदेशक एसएस मिश्रा, ने स्वागत किया। वहीं क्रीड़ा अधिकारी चंद्रमौली पांडेय ने बैच लगाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
शनिवार को 39 जीटीसी वाराणसी और ओएनजीसी मुंबई के बीच दोपहर 12 बजे मैच खेला जाएगा। इसी प्रकार दूसरा मैच उत्तर प्रदेश फुटबाल छात्रावास बनाम पश्चिम रेलवे मुंबई के बीच दो बजे खेला जाएगा।