चंडीगढ़ स्थित भवन विद्यालय सेक्टर-27 की स्टूडेंट अनुष्का शर्मा ने कैडेट नेशनल तलवारबाजी चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की है। यह मेडल अंडर-17 गर्ल्स के ऐपी टीम इवेंट में जीता। चैंपियनशिप का आयोजन उड़ीसा के कटक में किया गया। फाइनल में अनुष्का ने कर्नाटक टीम को 45-26 से मात दी।
कक्षा 9वीं की छात्रा अनुष्का तलवारबाजी की शानदार खिलाड़ियों की सूची में शुमार हैं। नेशनल में गोल्ड जीतने पर भवन विद्यालय स्कूल सेक्टर-27 की प्रिंसिपल विनीता अरोड़ा ने सुबह असेंबली में अनुष्का को सम्मानित किया। अनुष्का शर्मा इससे पहले नेशनल लेवल की प्रतियोगिताओं में कई मेडल, ट्राफी और अवार्ड जीत चुकी हैं।
अन्नया ने जीता टेबल टेनिस का खिताब
चंडीगढ़ में इलेवन इंटर स्कूल टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2018 की शुरूआत बुधवार को सेक्टर-23 स्थित टेबल टेनिस हॉल में हुई। इसका उद्घाटन मेयर दिवेश मोदगिल ने किया और इस मौके पर इन्होंने टेबल टेनिस रैकेट पर भी हाथ आजमाए। दिन में कई शानदार मुकाबले खेलते हुए खिलाड़ी टाइटल जीतने में कामयाब हुए।
कक्षा 11-12 वर्ग (लड़कियों) में सेक्रेड हार्ट स्कूल सेक्टर-26 की अन्नया ने कार्मल कान्वेंट स्कूल-9 की आयुषी बग्गा को 11-4, 11-3, 11-7 (3-0) से हराकर जीत दर्ज की। लड़कों के सीनियर वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल के पवन और न्यू पब्लिक स्कूल के साहिल शर्मा फाइनल में पहुंचे। पहले सेमीफाइनल में डीएवी पब्लिक स्कूल के पवन ने डीएवी पब्लिक स्कूल के जसजोता को 11-9, 8-11, 11-8, 9-11, 11-8 (3-2) से मात दी। दूसरे सेमीफाइनल में न्यू पब्लिक स्कूल के साहिल शर्मा ने डीएवी पब्लिक स्कूल के सचित को 11-7, 11-8, 11-4 (3-0) से हराया।
दमखम दिखाने 22 जिलों के 650 खिलाड़ी पहुंचे पंचकूला
पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बुधवार को इंटर सेंटर स्टेट जिम्नास्टिक चैंपियनशिप का आगाज हुआ। इसमें प्रदेश के 22 जिलों के 650 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों को गाइड करने के लिए 50 खेल ऑफिसर्स की टीमें बुलाई हैं। इस चैंपियनशिप का उद्घाटन खेल महानिदेशक भूपेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम के आगाज में सार्थक मॉडल स्कूल के छात्रों ने स्वागत गीत गाया। यह चैंपियनशिप तीन से पांच अक्तूबर तक आयोजित होगी।
पहले दिन हुए तीन इवेंट
मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित चैंपियनशिप के पहले दिन तीन इवेंट हुए। इनमें आर्टिस्टिक, रिदमिक, एरोबिक्स के तीन इवेंट शामिल हैं, जिनमें नौ से 14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। तीनों खेल के परिणाम आज घोषित होंगे।