कुश्ती में एक ओर जहां बबीता नागर ने कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में रजत पदक झटककर जिले का नाम रोशन किया था। वहीं, भारतीय टेस्ट और टी-20 गेम्स में चयनित होकर परविंदर अवाना और भारतीय फुटबॉल टीम में फॉरवर्ड खिलाड़ी रॉबिन सिंह ने नाम रोशन किया है। वहीं, नोएडा फिजिकल कॉलेज ऑफ एजुकेशन से प्रशिक्षित सुशील कुमार ने ओलंपिक में रजत जीतकर जिले का मान बढ़ाया है।
नोएडा एक्सप्रेस के नाम से प्रसिद्ध परविंदर अवाना का चयन भारतीय टी-20 टीम में तेज गेंदबाज के रूप में हुआ था, उन्होंने चार टी-20 मुकाबले खेले। परविंदर ने आईपीएल के तीन सीजन में पंजाब टीम की ओर से खेलकर कई दिग्गजों के विकेट चटकाए। टेस्ट टीम में भी परविंदर अवाना का चयन हुआ था लेकिन उन्हें अंतिम 11 में खेलने का मौका नहीं मिला।
वहीं, सादुल्लापुर गांव की बबीता नागर जिले की पहली महिला कुश्ती खिलाड़ी है। उसने वर्ष 2005 में कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।अभी वह अपने गांव में ही लड़कियों को रेसलिंग के गुर सिखाकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय पदक दिलाने के लिए तैयार कर रही हैं। इसके अलावा नोएडा के सेक्टर-50 में रहने वाले रॉबिन सिंह भारतीय टीम के फुटबॉलर हैं। वह भारतीय टीम में फारवर्ड के रूप में खेलते हैं।