कबड्डी खिलाड़ी अब पद्मश्री एवं भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान अजय ठाकुर से खेल की बारीकियां सीखेंगे। अजय प्रतिदिन बिलासपुर के लुहणू मैदान में कबड्डी का अभ्यास करेंगे। साथ ही युवाओं को भी दांव पेच सिखाएंगे। प्रोविजनल पीरियड के लिए बिलासपुर में पहुंचे डीएसपी अजय ठाकुर ने पदभार संभाल लिया है। वे एक बार फिर बिलासपुर के लोगों के बीच रहेंगे।
वैसे तो डीएसपी अजय ठाकुर दभोटा, नालागढ़ (सोलन) के रहने वाले है, लेकिन उनकी अधिकतर पढ़ाई बिलासपुर से ही हुई है। अमर उजाला से विशेष बातचीत में डीएसपी अजय ठाकुर ने बताया कि वे प्रो-कबड्डी लीग को लेकर प्रतिदिन बिलासपुर में अभ्यास किया करेंगे। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को लेकर भी लुहणू मैदान में ही तैयारी करेंगे।
डीएसपी अजय ठाकुर वीरवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर भी पहुंचे। उन्होंने कॉलेज प्राचार्य से मुलाकात की। अजय ने बताया कि वह प्रतिदिन सभी अधिकारियों से मिलेंगे, क्योंकि उनके कार्यक्षेत्र में बिलासपुर जिले के सभी अधिकारियों से मिलना है।
उन्होंने बताया कि वह बिलासपुर कॉलेज में समय समय पर आते रहेंगे। यहां के युवाओं को वह खेल के प्रति और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करेंगे। वहीं, डीएसपी अजय ठाकुर उपायुक्त विवेक भाटिया और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार से भी मिले।