पुरुष और महिला वर्ग की 19 सदस्यीय भारतीय बॉक्सिंग टीम बुल्गारिया रवाना हो गई है। टीम सोफिया शहर में होने वाले 70वें स्ट्रैंडजा कप में हिस्सा लेगी। यह प्रतियोगिता 20 फरवरी तक होगी। टीम में प्रदेश के सुंदरनगर के जरल गांव से संबंध रखने वाले आशीष चौधरी भी शामिल हैं।
भारतीय टीम में देश के अलग-अलग राज्यों से महिला-पुरुष वर्ग के 19 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। ये 40 देशों के खिलाड़ियों के साथ भिड़ेंगे। पुरुष वर्ग में नामी बॉक्सिंग खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।
इनमें 49 किलोग्राम भार वर्ग में अमित, 49 किग्रा में गौरव, 52 किग्रा में सोलंकी, 56 किग्रा में गौरव बिधूरी, अंकुश ढईया 60, मंदीप जांगरा 69, आशीष कुमार 64, हरीश लाकरा 81, नमन तनवर 91 और सुंदरनगर के आशीष चौधरी 75 किलो भार वर्ग में दमखम दिखाएंगे।
आशीष को परशुराम अवार्ड से नवाज चुकी है सरकार
सुंदरनगर के आशीष चौधरी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर प्रदेश तथा देश को कई मेडल दिला चुके हैं। उन्हें हिमाचल सरकार ने हाल ही में परशुराम अवार्ड से नवाजा है। आशीष पिछले तीन वर्ष से एनआईएस इंडिया कैंप पटियाला में जमकर अभ्यास कर रहे हैं।
मौजूदा समय में खेल के साथ आशीष मंडी जिले के धर्मपुर में तहसील वेलफेयर ऑफिसर पद पर सेवाएं दे रहे हैं। इनके इस चयन पर हिमाचल बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष राजेश भंडारी, उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार व कोच नरेश वर्मा ने खुशी जताई है।